नित्य संदेश ब्यूरो
अलीगढ़। समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय जन कल्याण समिति एक बार फिर गरीब परिवार के लिए मसीहा बनकर सामने आई है।
बरौला बाईपास निवासी एक जरूरतमंद पिता ने समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना सुनकर संस्था के सचिव मुजफ्फर इकबाल से फोन पर संपर्क किया और अपनी आर्थिक तंगी बताते हुए बच्चों की शिक्षा के लिए मदद की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव मुजफ्फर इकबाल ने उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और संस्था के पदाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद समिति ने परिवार की वास्तविक स्थिति के सत्यापन के लिए एक टीम भेजी।
जांच में सामने आया कि परिवार के मुखिया एक मस्जिद में इमाम हैं और आय का कोई अन्य साधन नहीं है। चार बच्चों वाले इस परिवार का गुजर-बसर बड़ी मुश्किल से हो रहा है। उनके दो बच्चे निजी विद्यालय में कक्षा 3 और कक्षा 5 में पढ़ते हैं, लेकिन आर्थिक अभाव के कारण उनके पास किताबें और स्कूल ड्रेस तक नहीं थीं, जिससे बच्चे काफी मायूस थे।
स्थिति को देखते हुए जन कल्याण समिति ने तत्काल सहायता का निर्णय लिया। संस्था के पदाधिकारी बरौला जफराबाद स्थित बच्चों के घर पहुंचे और दोनों बच्चों को कक्षा 3 एवं 5 की सभी पाठ्य-पुस्तकें व स्कूल ड्रेस वितरित कीं। नई किताबें और ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान ने सभी को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना ही सच्ची समाज सेवा है। समिति ने भविष्य में भी ऐसे परिवारों की मदद जारी रखने का संकल्प लिया और समाज से अपील की कि आपका थोड़ा सा सहयोग किसी परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकता है। मदद पाकर बच्चों के पिता भावुक हो गए और संस्था का दिल से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर इमरान खान, मुजफ्फर इकबाल, फरमान खान, मोहम्मद रिजवान, नाजिम खान, बबलू राइन, शादाब फरीदी, सलमान कुरैशी आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment