Breaking

Your Ads Here

Monday, July 27, 2026

खबर का असर: मेन बाजार के जर्जर बिजली खंभे को बदलने का काम शुरू, व्यापारियों ने मीडिया का जताया आभार



रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़, मेरठ। कस्बे के मेन बाजार मोहल्ला खजूरी दरवाजा में काफी समय से खड़ा जर्जर बिजली का खंभा आखिरकार बदला जा रहा है। व्यापारियों की शिकायत को दैनिक भास्कर और नित्य संदेश ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद विद्युत विभाग हरकत में आया। सोमवार को एसडीओ विद्युत विभाग के आदेश पर खंभे को बदलने की कार्रवाई शुरू की गई। इस पर संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने मीडिया का आभार व्यक्त किया है।

बताया गया कि मेन बाजार में एक पुराना बिजली का खंभा लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में खड़ा था, जो किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा था। मुख्य बाजार होने के कारण यहां आवागमन तेज रहता है, समय-समय पर दर्जनों शोभा यात्राएं यहीं से निकलती हैं और शादी-विवाह के सीजन में भीड़ बढ़ जाती है। व्यापारी अनिल कोरी, अश्वनी गर्ग, गौरव गर्ग उर्फ पोपट, सचिन अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, सचिन यादव, शकील प्रधान, अयूब खान, सुनील अग्रवाल आदि ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते खंभा नहीं बदला गया था। परेशान होकर व्यापारियों ने जिलाधिकारी मेरठ से भी शीघ्र खंभा बदलवाने की मांग की थी।

गौरतलब है कि बिजली विभाग की लापरवाही से 3 दिन पूर्व जगन्नाथ शोभा यात्रा के दौरान करंट लगने से एक युवक सचिन की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद जिलाधिकारी मेरठ, एसएसपी, सीएमओ और एसपी देहात ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here