नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रख्यात कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती एवं वरिष्ठ रंगकर्मी स्वर्गीय सुरेंद्र शर्मा की स्मृति में 30 जुलाई को एक दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। उर्दू विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष एवं मेरठ आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. असलम जमशेदपुरी ने सोमवार को प्रेमचंद सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को अटल सभागार, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दो कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम 4:00 बजे एक दिवसीय नेशनल प्रेमचंद सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न वक्ता उर्दू एवं हिंदी साहित्य में प्रेमचंद जी के योगदान पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसी श्रृंखला में शाम 6:00 बजे श्री जयवर्धन द्वारा लिखित प्रसिद्ध हास्य नाटक 'गोरखधंधा' का मंचन किया जाएगा। नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल शर्मा द्वारा किया जा रहा है, जबकि प्रकाश एवं संगीत व्यवस्था जितेंद्र सी. राज संभालेंगे।कार्यक्रम में पूर्व सांसद माननीय राजेंद्र अग्रवाल जी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। नाटक के संयोजक विनोद कुमार बेचैन ने बताया कि नाटक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर नाटक के लेखक जयवर्धन जी और टीवी एवं फिल्म निर्देशक नीरज शर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा पूर्व मंत्री प्रभु दयाल वाल्मीकि, मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन जी भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। संस्था के उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ रंगकर्मी स्व. सुरेंद्र शर्मा जी को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए उनके परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के महामंत्री रशीद युसूफ, हेमंत गोयल, जितेंद्र सी. राज, शहजाद, फैजान यासीन, माईकल टिसावर्ड, शाहिद गौरी, जैश टिसावर्ड, डॉ. आसिफ अली, डॉ. इरशाद सियानवी, फरहत अख्तर, मोहम्मद शमशाद आदि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment