• निर्माणाधीन साइट पर गेटमैन और
गार्डों को बंधक बनाकर 250 केवी के दो ट्रांसफार्मर से की
थी लूट
इकराम चौधरी
नित्य संदेश, किठौर। थाना किठौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रामचन्द्र एन्क्लेव भटीपुरा स्थित निर्माणाधीन साइट पर हुई डकैती की घटना में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महताब पुत्र निजामुद्दीन निवासी खिर्वा जलालपुर थाना सरधना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या था मामला?
12/13 जून 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने भटीपुरा स्थित निर्माणाधीन
साइट पर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने साइट पर मौजूद गेटमैन और दो सुरक्षा गार्डों
को बंधक बना लिया था और 250 केवी क्षमता के दो
ट्रांसफार्मरों को खोलकर उसके अंदर से कीमती सामान लूट ले गए थे। इस संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना किठौर में मु.अ.सं. 259/2026, धारा 309(4)/127(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया
गया था।
9 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की गई
थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल 9 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार चल रहे अन्य आरोपियों
की तलाश जारी थी। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना पुलिस ने वांछित आरोपी
महताब को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का है। उसके खिलाफ मेरठ और बागपत
जनपद के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना पिलखुवा जनपद हापुड़ में
आबकारी अधिनियम तथा थाना बालैनी और बागपत में भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 136 और 136/137 के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इनके निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निकट पर्यवेक्षण तथा
क्षेत्राधिकारी किठौर के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रजन्त त्यागी, उपनिरीक्षक अतुल कुमार, हेड कांस्टेबल नागेन्द्र तथा हेड कांस्टेबल पूरन सिंह
शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment