- कुलपति ने कहा, दीक्षांत समारोह की सफलता टीमवर्क का परिणाम
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के 38वें दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में धन्यवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में दीक्षांत समारोह के आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों के सदस्यों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति ने सभी समितियों के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 38वें दीक्षांत समारोह का सफल आयोजन विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। प्रत्येक शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी ने अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया, जिसके कारण समारोह गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
कुलपति ने कहा कि किसी भी बड़े कार्यक्रम की सफलता केवल एक व्यक्ति के प्रयासों से नहीं, बल्कि पूरी टीम की प्रतिबद्धता, समन्वय और सहयोग से सुनिश्चित होती है। विश्वविद्यालय की सभी समितियों ने आपसी तालमेल के साथ उत्कृष्ट कार्य किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम के दौरान दीक्षांत समारोह में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्वयंसेवकों को कुलपति द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न समितियों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment