तरुण आहुजा
नित्य संदेश, मेरठ। जनपद के गंगानगर निवासी आशीष तेवतिया ने शहर का नाम रोशन करते हुए भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। केरल के INA इझीमाला (Ezhimala) में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली।
आशीष तेवतिया की प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा मेरठ स्थित सेंट मैरीज एकेडमी से हुई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आशीष की माता डॉ. अनीता चौधरी मेरठ के डी.एन. कॉलेज के शिक्षा विभाग में विभागाध्यक्ष हैं, जबकि उनके पिता डॉ. संजीव कुमार कंपोजिट विद्यालय, अलीपुर मोरना, मवाना में इंचार्ज अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बहन ज्ञप्ति इन्ग्रहम इंग्लिश स्कूल में विज्ञान शिक्षिका हैं।
अपनी सफलता पर आशीष तेवतिया ने इसका श्रेय अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और सेल्फ स्टडी उनकी सफलता का प्रमुख आधार रही। आशीष की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
No comments:
Post a Comment