नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा श्री राम सरस्वती शिशु मंदिर में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन मतदाता जागरूकता अभियान थीम के अंतर्गत कार्यक्रम कराए गए। सर्वप्रथम स्वयंसेविकाओं स्नेहा, खुशी, मुस्कान, तान्या सोफिया,आदि के द्वारा शिविर स्थल की साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात पलक, सविता, स्नेहा, मानसी के द्वारा सभी को दैनिक प्रार्थना ,लक्ष्य गीत आदि कराया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ पूजा राय ने स्वयं सेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान महत्वपूर्ण है क्योंकि यह लोगों के लिए अपनी सरकार में अपनी बात रखने और अपने हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकारियों को चुनने का एक तरीका है। यह लोगों के लिए अपनी सरकार को जवाबदेह ठहराने का भी एक तरीका है। मतदान लोगों को उन निर्णयों में अपनी आवाज़ उठाने की अनुमति देता है जो उनके जीवन को प्रभावित करते हैं, मतदान करना एक मौलिक अधिकार होने के साथ-साथ हमारे स्वस्थ लोकतंत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। स्वयंसेविकाओं ने मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए इस विषय पर पोस्टर बनाएं।
तत्पश्चात राजनीति विज्ञान विभाग की प्रवक्ता अंजू ने स्वयंसेविकाओं को मतदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी । उन्होंने छात्राओं से सवाल भी पूछे जैसे उम्मीदवारों की आयु कितनी होनी चाहिए, क्या-क्या योग्यताएं होनी चाहिए इत्यादि। इसके अतिरिक्त उन्होंने आचार संहिता एवं मतदान के समय ध्यान रखने वाली बातों के विषय में भी बताया। माही, लक्ष्मी, तनु, स्नेहा, पलक इत्यादि छात्राओं ने सही नेता का चुनाव कैसे करें, फेक न्यूज़ से कैसे बचे, विभिन्न पार्टी एवं उनके चिन्ह इत्यादि के विषय में बताया।
शिविर के अंतिम सत्र में राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष तथा चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर विनीता गुप्ता उपस्थित थी। उन्होंने स्वयं सेविकाओं को मतदान के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने स्वयं सेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मतदान की महत्ता को समझे, मतदान हमारा अधिकार है। यही एक ऐसा अधिकार जो हर वर्ग, समाज, गरीब, अमीर सबके लिए समान है। इसकी गरीमा को समझे और अपने मताधिकार का उपयोग कर राष्ट्र को सशक्त बनाए। साथ ही मतदान की योग्य छात्राओं को अपना निर्वाचन कार्ड बनवाने हेतु भी प्रेरित किया।
शिविर में माही, तनु, सोफिया, स्नेहा, वर्णिका, वंशिका, सिमरन सहित 50 स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया। शिविर का संयोजन एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारी डा० पूजा राय के द्वारा किया गया। इसके सफल आयोजन में संजीव माहेश्वरी तथा सुरेश चंद्र प्रजापति का विशेष सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment