नित्य संदेश, इंदौर। मामूली वेतन पाने वाला पुलिस ड्राइवर फिरोज खान करोड़ों की संपत्ति का मालिक निकला, जिसके बाद लोकायुक्त ने इंदौर और देवास के 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC) इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीम ने सुबह 6 बजे से यह सर्च कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जांच में आरोपी के पास लगभग 6.26 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है, जो उसकी आंकी गई कुल आय से करीब 223 प्रतिशत अधिक है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित रहकर पुलिस विभाग में अपने पद का प्रभाव दिखाकर देवास क्षेत्र में विवादित जमीनों, प्लॉटों और संपत्तियों के लेन-देन में हस्तक्षेप करता था। उसने अपने परिवारजनों तथा एक परिचित महिला के नाम पर संपत्तियां खरीदीं, कई वाहन रखे और लकड़ी का कारोबार भी संचालित किया।
एसपी राजेश सहाय के मुताबिक, फिरोज खान को पुलिस सेवा के वेतन से लगभग 75 लाख रुपये की आय होना अनुमानित है। अन्य वैध स्रोतों को मिलाकर उसकी कुल संभावित आय 1,93,84,440 रुपये आंकी गई थी, जिसके विरुद्ध 6,26,67,879 रुपये की अनुपातहीन संपत्ति पाई गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी की मां वहीदा खान और पत्नी के नाम पर 'साहिल ट्रेडिंग कंपनी' नामक फर्म है, जिसके बैंक खातों से करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ है। इसके अलावा, परिचित सुश्री रोशनी वर्मा 'रोशनी सेल्स एंड सर्विस' नामक फर्म का संचालन करती हैं। जमीनों की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता पाए जाने पर लोकायुक्त ने रोशनी वर्मा को भी सह-आरोपी बनाया है। आरोपी ने 'रॉयल ग्रीन रियल एस्टेट' फर्म के माध्यम से भी रियल एस्टेट में भारी निवेश किया है। ग्राम गुरान (तहसील सांवेर) में 21.75 बीघा कृषि भूमि को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद का फायदा उठाकर फिरोज खान ने रोशनी वर्मा के नाम पर आवेदक के पिता से उक्त भूमि का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी करवाया था।
इस सर्च कार्रवाई में इंदौर के 4 तथा देवास के 11 प्रमुख ठिकाने शामिल रहे:
* मकान नंबर 12-बी, आदर्श नगर, देवास (मुख्य आरोपी का निवास)
* मकान नंबर 379/6, महेश यादव नगर, बाणगंगा, इंदौर (सह-आरोपी रोशनी वर्मा का निवास)
* फ्लैट नंबर 102 व 202, मनोरमा अपार्टमेंट, स्कीम नंबर 94, रिंग रोड, इंदौर (माता वहीदा खान के नाम)
* फ्लैट क्रमांक 505, श्रीदेवी अपार्टमेंट, श्रीनगर कॉलोनी मेन, इंदौर
* ग्राम गजीपुरा (तहसील बागली, देवास) की सर्वे क्रमांक 142 एवं 82 की कृषि भूमियां
* राधागंज, देवास स्थित आरोपी के चालक नफीस खान का निवास
* ग्राम आबादी इटावा स्थित पुष्पकुंज कॉलोनी में प्लॉट क्रमांक 4, देवास
* देवास के वार्ड क्रमांक 07 व 7 स्थित पुष्पकुंज कॉलोनी के भूखंड (सर्वे नंबर 26/1 व 26/1/मिन-1 पैकी)
* देवास विकास प्राधिकरण की विजयनगर कॉलोनी में HIG जूनियर भवन क्रमांक 34
* इंदिरा गांधी नगर कॉलोनी, देवास का भूखंड क्रमांक 28 एवं 29
* ग्राम गुरान, तहसील सांवेर में 10.2 बीघा एवं 11.77 बीघा कृषि भूमि (सर्वे क्रमांक 403, 776, 781, 788 एवं 129/1, 129/2, 144, 145, 153/2/2, 154/2, 155/2)
* ग्राम जेतपुरा (देवास बायपास) स्थित व्यावसायिक भूखंड क्रमांक 14 एवं कृषि भूमि
* ग्राम गद्दूखेड़ी, पटवारी हल्का नंबर 50, जिला देवास की कृषि भूमि
* आदर्श नगर स्थित आरोपी के निवास के समीप बन रहा नया मकान
यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन, डीआईजी मनोज कुमार सिंह एवं एसपी (विपुस्था लोकायुक्त इंदौर) राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की गई। प्राथमिक जांच डीएसपी सुनील तालान द्वारा की गई थी।
छापेमारी दल में देवास के लिए डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी दीपक सेजवार, निरीक्षक सचिन पटेरिया, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, निरीक्षक श्रीमती प्रतिभा तोमर तथा इंदौर के लिए डीएसपी आनंद चौहान, डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल एवं निरीक्षक आशुतोष मिठास सहित एएसआई मो. रहीम खान, प्रधान आरक्षक विजय कुमार, दिगंबर पाल, रंजीत द्विवेदी, आशीष गुर्जर, आशीष शुक्ला, प्रमोद यादव, विवेक मिश्रा, सहायक ग्रेड-2 रवि कुमार, आरक्षक रामेश्वर निंगवाल, राकेश मिश्रा, पवन पटोरिया, शिवप्रकाश पाराशर, कमलेश परिहार, चेतन सिंह परिहार, अनिल परमार, आशीष नायडू, आदित्य भदौरिया, आशीष आर्य, सतीश यादव, कृष्णा अहिरवार, चालक कमलेश तिवारी, शेरसिंह ठाकुर तथा कंप्यूटर ऑपरेटर प्रभात मोरे व श्रीमती मनीषा सिसौदिया आदि पुलिस बल एवं अधिकारी शामिल रहे।






No comments:
Post a Comment