नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जिलाधिकारी वीके सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चीनी के फुटकर मूल्यों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर चीनी मिलों के अध्यासी और यूनिट हेड के साथ बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी चीनी मिलें होलसेलर को सीधे चीनी उपलब्ध कराएं। मेरठ और प्रदेश के अन्य जनपदों को प्राथमिकता पर चीनी दी जाए। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों की मनमानी और बाजार में कृत्रिम संकट पैदा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एजेंट और ब्रोकर प्रथा समाप्त कर पोर्टल पर पंजीकृत होलसेलरों को सीधे चीनी देने के निर्देश दिए गए। चेतावनी दी गई कि कार्यप्रणाली में सुधार न होने पर संबंधित चीनी मिल अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गन्ना विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चीनी डीलरों को पोर्टल पर पंजीकरण कर सीधे चीनी मिल से चीनी खरीदने के निर्देश दिए गए। चीनी मिलों को कोल्हू को चीनी न बेचने और दाम घटाने के लिए आगे आने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति, नगर मजिस्ट्रेट, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जीएसटी विभाग के अधिकारी, गन्ना निरीक्षक और सहायक चीनी आयुक्त मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment