नित्य संदेश ब्यूरो
चंदौसी। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने संभल जनपद के अंतर्गत चंदौसी डिवीजन के खिरानी विद्युत उपकेंद्र का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने उपकेंद्र परिसर, स्विचयार्ड, कंट्रोल पैनल और पावर ट्रांसफार्मर का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रिले और लाइटनिंग अरेस्टर की तकनीकी स्थिति जांची और उपकरणों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए।
उपखंड अधिकारी (एसडीओ-4) पवांसा द्वारा किए गए ऑटोमेटेड उपभोक्ता टैगिंग कार्य की प्रबंध निदेशक ने विशेष प्रशंसा की। उपकेंद्र परिसर और स्विचयार्ड की उत्कृष्ट साफ-सफाई व सुव्यवस्थित रखरखाव पर भी उन्होंने प्रसन्नता जताई।
त्योहारों के दृष्टिगत अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रबंध निदेशक ने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता तक पारदर्शी, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना डिस्कॉम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा के दौरान वितरण हानि वाले क्षेत्रों और फीडर टैगिंग की स्थिति की कड़ाई से समीक्षा की गई। उपभोक्ता व फीडर मैपिंग का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने तथा उपकेंद्र में रखे पुराने स्क्रैप को विभागीय स्टोर में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता चंदौसी डिवीजन, उपखंड अधिकारी (एसडीओ-4) पवांसा सहित अन्य अभियंता व कर्मचारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment