Breaking

Your Ads Here

Friday, October 16, 2026

21 अक्टूबर को निकलेगी ‘अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ की भव्य रैली, तैयारियों को लेकर द मार्स रिसॉर्ट में हुई महत्वपूर्ण बैठक

 नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों और आजाद हिंद फौज के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना महापर्व का मुख्य उद्देश्य - डॉ. अतुल कृष्ण

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, भारत विकास परिषद, नेताजी सुभाष जन्म दिवस समारोह समिति, क्रीड़ा भारती, राष्ट्रीय सैनिक संस्था तथा अन्य समाजसेवी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ को भव्य एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। 

महापर्व की विस्तृत रूपरेखा, प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरठ के प्रमुख विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ द मार्स रिसॉर्ट, मेरठ में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापर्व के अंतर्गत निकलने वाली भव्य रैली को सफल, सुव्यवस्थित और जनव्यापी बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।

 बैठक में सुभारती समूह के संस्थापक एवं महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण तथा महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेवानिवृत्त) सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, उद्योगपति, समाजसेवी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण ने आयोजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य और प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए रैली की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महानायक थे, जिनके अदम्य साहस, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण ने स्वतंत्रता की लड़ाई को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की।
डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि ‘अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व’ केवल एक आयोजन या रैली नहीं, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को स्मरण करने का एक व्यापक जन-अभियान है। इसका प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्रवादी विचारों, आजाद हिंद फौज के वीर सैनिकों के बलिदान तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किए गए संघर्षों से परिचित कराना है। 

उन्होंने कहा कि जब युवा पीढ़ी अपने इतिहास, महापुरुषों के आदर्शों और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझेगी, तभी राष्ट्रीय चरित्र, सामाजिक एकता और देशप्रेम की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि इस महापर्व के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, उद्योग जगत और आम नागरिकों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रभक्ति केवल विचार तक सीमित न रहे, बल्कि सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक कार्यों के रूप में दिखाई दे। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से इस आयोजन को जन-जन का उत्सव बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

डॉ. अतुल कृष्ण ने रैली के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9:15 बजे कैलाश प्रकाश स्टेडियम में जनसभा आयोजित की जाएगी। रैली में अमर शहीदों के जयकारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा और रैली दोपहर 12:30 बजे वापस कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ पहुंचेगी, जहां राष्ट्र की एकता और देश के प्रति समर्पण का संकल्प लेकर कार्यक्रम का समापन होगा।

वहीं महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेवानिवृत्त) ने बैठक में रैली के निर्धारित मार्ग, यातायात एवं आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं तथा विभिन्न संगठनों की सहभागिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि रैली का शुभारंभ कैलाश प्रकाश स्टेडियम से होगा और यह जिलाधिकारी आवास के मुख्य द्वार के सामने से होते हुए अंबेडकर मूर्ति, नेहरू रोड, पश्चिमी कचहरी मार्ग तथा आबू नाला पुल सहित शहर के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। इसके बाद प्रतिभागी मेरठ कॉलेज के शताब्दी द्वार के सामने स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। तत्पश्चात रैली पुनः कैलाश प्रकाश स्टेडियम पहुंचेगी।
 
कर्नल राजेश त्यागी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नागरिकों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, उद्योगपतियों और समाजसेवियों से रैली की व्यवस्थाओं में सहयोग देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रभक्ति अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि महापर्व का संदेश शहर के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और युवा पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ग्रहण करे। इस अवसर पर अनुराग डबलिश , अरुण जिंदल, अनिल अज्ञात, लता जी, समीर सिंह, डॉ. शारिका त्यागी, विवेक सोम, हरमीत जी सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, उद्योगपति, समाजसेवी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
 
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अदम्य साहस, आजाद हिंद फौज के बलिदान और राष्ट्र की अखंडता के प्रति समर्पण को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। यह महापर्व राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, देशभक्ति और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here