Breaking

Your Ads Here

Friday, October 16, 2026

आईटी सेवाओं से उपभोक्ता सेवा होगी सशक्त, 1912 पर शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. (पीवीवीएनएल) में उपभोक्ता सेवाओं को अधिक सुगम, त्वरित और पारदर्शी बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। आईटी सेवाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को समय पर एसएमएस अलर्ट, बिलिंग अपडेट और शिकायत निस्तारण की जानकारी मिल रही है, जिससे उपभोक्ता सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। शुक्रवार को ऊर्जा भवन मेरठ सभागार में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) की अध्यक्षता में आईटी कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में आईटी सेल के अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण दिया। वरिष्ठ सलाहकार (आईटी) उप्रपाकालि सौरोजित घोष और निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन भी बैठक में शामिल रहे। संजय जैन ने बताया कि अधिकारी और कर्मचारी आईटी, ईआरपी और ई-ऑफिस के माध्यम से दैनिक कार्य निष्पादित कर रहे हैं। मुख्यालय की फाइलें ई-ऑफिस से निपटाई जा रही हैं, जिससे कागजी कार्यवाही में लगने वाले समय में भारी कमी आई है।

प्रबंध निदेशक ने आगामी त्योहारों दशहरा, दीपावली और छठ के दृष्टिगत 24x7 निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 1912 हेल्पलाइन को अलर्ट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं की किसी भी तकनीकी या आपूर्ति संबंधी समस्या का समाधान आईटी प्लेटफॉर्म, कंट्रोल रूम, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से तत्काल किया जाए।

बैठक में प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि 1912 टोल फ्री हेल्पलाइन पर प्राप्त बिजली शिकायतों के निस्तारण के लिए आईटी सेल तत्काल टू-वे कम्युनिकेशन सिस्टम स्थापित करे, जिससे आपूर्ति बाधित होने से लेकर बहाली तक उपभोक्ता और संबंधित अधिकारी के बीच निरंतर संवाद बना रहे। उपभोक्ताओं को शिकायत की स्थिति या आपूर्ति बहाली की जानकारी के लिए बार-बार 1912 पर फोन न करना पड़े। किसी क्षेत्र में तकनीकी कारणों या आउटेज से आपूर्ति बाधित होने पर स्वचालित संदेशों और अपडेट से सटीक जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और बेहतर संवाद ही विद्युत सेवाओं का मुख्य आधार होना चाहिए।

बैठक में मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता (आईटी) अरविंद सिंह, अंशुमान उप्रेती, प्रतीश प्रांजल, संतोष कुमार यादव, रवि कुमार, शिवम शर्मा, अधीक्षण अभियंता (आईटी) विजय दूबे, रवि यादव, अनूप सिंह, प्रेरणा सूद, अधिशासी अभियंता (आईटी) प्रियंका अठवानी, आलोक त्रिपाठी (एआईटी), अवर अभियंता (मुख्यालय) सुनील कुमार, अवर अभियंता (मुख्यालय) विजेंद्र कुमार आदि अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here