नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश के चार विशेष राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालयों में अनुसूचित जाति/जनजाति के आरक्षण को 70% से घटाकर 21% किए जाने के विरोध में बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) ने मोर्चा खोल दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर 'विशेष घटक योजना' के अंतर्गत आरक्षित 70% विशेष संरक्षण व्यवस्था की पुनर्बहाली एवं 'यूपी रिजर्वेशन एक्ट 2006' के समरूपीकरण को रोकने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि अम्बेडकरनगर, कन्नौज, जालौन और सहारनपुर स्थित चारों राजकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना विशेष घटक योजना (Special Component Plan) के तहत SC/ST वर्ग को चिकित्सा शिक्षा में अवसर देने और सामाजिक न्याय के उद्देश्य से हुई थी। स्थापना के समय इनमें 70% सीटें SC/ST के लिए और 30% सीटें अन्य वर्गों के लिए निर्धारित थीं। पार्टी का कहना है कि अब इन कॉलेजों पर सामान्य रूप से यूपी रिजर्वेशन एक्ट 2006 लागू कर आरक्षण 21% किया जा रहा है, जो इन संस्थानों के मूल उद्देश्य के खिलाफ है।
पार्टी की 3 सूत्रीय मांग -
1. राज्य विधानसभा में पृथक अध्यादेश / विशेष अधिनियम लाकर चारों कॉलेजों में 70% आरक्षण की मूल व्यवस्था को बहाल और संरक्षित किया जाए।
2. उच्च न्यायालय के प्रतिकूल फैसलों के खिलाफ माननीय उच्चतम न्यायालय में सरकार शीर्ष विधिक विशेषज्ञों के जरिए मजबूती से पक्ष रखे।
3. जब तक अंतिम नीतिगत और कानूनी समाधान नहीं निकलता, तब तक 2027 और आगामी सत्रों के लिए पुरानी 70% आरक्षण व्यवस्था को ही जारी रखा जाए।
अतुल खोड़ावाल ने पत्र में चेतावनी दी है कि यदि शोषित-वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) जनहित और सामाजिक न्याय के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, राष्ट्रीय SC/ST आयोग और चिकित्सा शिक्षा विभाग को भी भेजी गई है।
No comments:
Post a Comment