नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। आज समाजवादी पार्टी कार्यालय में बहुचर्चित ललिता गौतम हत्याकांड में पीड़ित परिवार एवं आंदोलनकारियों की आवाज को मजबूती से उठाने और पुलिस कार्रवाई के दौरान आंदोलनकारियों के साथ हुई कथित बर्बरता को सार्वजनिक रूप से सामने लाने के लिए आज मुकदमे में नामजद एवं जेल जा चुके आंदोलनकारियों की ओर से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव जी, पूर्व मुख्यमंत्री उ० प्र० को मुकेश सिद्धार्थ जी की तरफ से हिमांशु मुकेश सिद्धार्थ के नेतृत्व में धन्यवाद पत्र सौंपकर आभार व्यक्त किया गया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि ललिता गौतम हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान जब पुलिस द्वारा आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज, हिरासत में मारपीट तथा महिलाओं, युवाओं और छात्रों के साथ कथित उत्पीड़न की घटनाएं सामने आईं, तब अखिलेश यादव जी ने सबसे पहले इस पूरे मामले की आवाज बुलंद की। उन्होंने पुलिस बर्बरता के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर घटना को देश के सामने रखा, जिसके बाद मामले की गूंज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची और राष्ट्रीय मीडिया ने भी इसे प्रमुखता से उठाया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि अखिलेश यादव जी ने सबसे पहले पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया तथा आर्थिक सहायता देकर परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे। उनके लगातार हस्तक्षेप के कारण सरकार को भी पीड़ित परिवार से मिलने और उनकी बात सुनने के लिए आगे आना पड़ा।
इस अवसर पर हिमांशु सिद्धार्थ, लवी प्रधान, नवनीत जाटव, दिग्विजय भाटी, मोहित किनापुर, गोपाल प्रधान, सागर लिसाड़ी , विनीत सिद्धार्थ सहित मुकदमे में नामजद एवं आंदोलन से जुड़े अन्य साथी उपस्थित रहे और सभी ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
आंदोलनकारियों ने कहा कि यह धन्यवाद केवल एक पत्र नहीं, बल्कि उस व्यक्ति के प्रति सम्मान और आभार है, जिसने कठिन समय में पीड़ित परिवार और संघर्षरत नौजवानों की आवाज को अपनी आवाज बनाया।
No comments:
Post a Comment