Breaking

Your Ads Here

Monday, August 17, 2026

टीम में शामिल होने को क्रिकेटरों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन की ओर से उत्तर प्रदेश स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट में प्रदेश के 18 मंडल के सभी जिलों में ट्रायल आयोजित कराए जा रहे हैं। इसमें मेरठ में ऋषभ और गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में ट्रायल चल रहे हैं। सोमवार को अंडर 17 और अंडर 19 महिला और अंडर 19 पुरुष वर्ग में ट्रायल हुए। इस दौरान 85 क्रिकेटरों ने दोनों वर्ग में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह और क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि टूर्नामेंट में प्रदेश से आठ टीम हिस्सा लेंगी। इसमें वेस्ट यूपी, पूर्वांचल पैंथर, रुहेलखंड, अवध लायंस, बुंदेलखंड टाईगर, ब्रज केसरिया, संगम सुपर किंग्स, सरयू स्ट्राइकर्स टीम होंगी। इनमें एक टीम वेस्ट यूपी मेरठ और सहारनपुर मंडल से चयनित होगी। इयके लिए पुरुष वर्ग में अंडर 14 और अंडर 17 वर्ग के ट्रायल हो चुके हैं। अब सोमवार को अंडर 19 पुरुष और अंडर 19 व अंडर 17 में महिला वर्ग के ट्रायल हुए। इन सभी वर्ग में एक-एक टीम का गठन होना है। पुरुष वर्ग में तीनों श्रेणी में टीम तैयार होगी। सोमवार को अंडर 19 पुरुष वर्ग में 75 क्रिकेटरों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। किसी न अपनी गेंदबाजी तो किसी ने अपनी बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। 


वहीं, महिला वर्ग में अंडर 19 व अंडर 17 में 10 से अधिक क्रिकेटर शामिल हुईं। महिला वर्ग में मंगलवार को भी ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। इसमें 25 महिला क्रिकेटर के पंजीकरण हो चुके हैं। ट्रायल के बाद महिला और पुरुर्ष दोनों वर्ग में टीम तैयार होगी और ट्रायल मैच के बाद एक टीम बनाई जाएगी। इस दौरान चयनकर्ता पंकज भारद्वाज, अहमदुल्ला, राजा, नीरज आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here