नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार दिनांक 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों, पारिवारिक वादों, एनआई एक्ट के वादों, दीवानी वादों तथा बैंक ऋण वसूली वादों के निस्तारण हेतु प्री-ट्रायल बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय के मार्गदर्शन में आज 17 अगस्त 2026 को चौदह न्यायालय भवन के सभागार कक्ष में प्री-ट्रायल बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता वाणिज्यिक न्यायालय संख्या-01 के क्षितिज कुमार श्रीवास्तव, वाणिज्यिक न्यायालय संख्या-02 के अशोक कुमार और सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ सोनिका वर्मा द्वारा की गई। बैठक में समस्त बैंक, फाइनेंस कंपनियों के अधिकारियों और अधिवक्ताओं को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक जनता को लाभ मिल सके।
बैठक में दिव्या कुमार बालियान, ऑफिसर एलडीएम ऑफिस मेरठ, दीनदयाल, मुख्य प्रबंधक उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक मेरठ, अतुल शर्मा, अधिवक्ता यूको बैंक, अवनीश कुमार, सीनियर लॉ ऑफिसर केनरा बैंक तथा वाणिज्यिक विभाग के अन्य प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया और राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर अपने विचार रखे। सभी अधिकारियों ने अधिक से अधिक वादों के निस्तारण का आश्वासन दिया।

No comments:
Post a Comment