प्रो. (डॉ.) अनिल नौसरान
नित्य संदेश, मेरठ। काँवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि यह संयम, साहस, अनुशासन, भक्ति और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम है। यह यात्रा हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वयं को बेहतर बनाने की प्रेरणा देती है। सावन का पावन मास भगवान महादेव शिव की आराधना, आत्मचिंतन और आत्मशुद्धि का समय है।
वास्तव में, काँवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल गंगाजल लाकर भगवान शिव का अभिषेक करना ही नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों, दुर्व्यसनों, क्रोध, अहंकार, हिंसा और नकारात्मक प्रवृत्तियों का त्याग करना भी है। यह स्वयं को अनुशासित, शांत, संयमित और सात्विक बनाने की यात्रा है।
इस पवित्र यात्रा में नशे, हिंसा, अशोभनीय व्यवहार और अराजकता का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। प्रत्येक काँवड़ यात्री का आचरण ऐसा होना चाहिए, जिससे समाज में श्रद्धा, अनुशासन, सेवा और सद्भाव का संदेश जाए। भगवान शिव त्याग, करुणा, धैर्य और सरलता के प्रतीक हैं। अतः उनकी आराधना भी इन्हीं गुणों को अपने जीवन में अपनाकर ही सार्थक होती है।
स्वास्थ्य का भी रखें विशेष ध्यान
काँवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। यात्रियों को टाइट कपड़ों के स्थान पर ढीले एवं आरामदायक सूती वस्त्र पहनने चाहिए। सिर को अंगोछे या टोपी से ढककर रखना चाहिए, ताकि धूप और गर्मी से बचाव हो सके। यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीना चाहिए तथा केले, मौसमी फल, खीरा, टमाटर, भुने चने और खजूर जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। तले-भुने एवं अत्यधिक मसालेदार भोजन का सेवन कम से कम करें तथा कोल्ड ड्रिंक और अत्यधिक मीठे शीतल पेय से बचें।
यदि कपड़े गीले हो जाएँ, तो उन्हें जल्द से जल्द बदल लेना चाहिए। स्वच्छता का ध्यान रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना भोजन और पानी का। यदि प्रत्येक काँवड़ यात्री इस यात्रा को केवल धार्मिक अनुष्ठान न मानकर आत्मसंयम, स्वास्थ्य, सेवा और सदाचार का अभियान बना ले, तो इसका लाभ केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को मिलेगा।
आइए, इस सावन संकल्प लें कि काँवड़ यात्रा को श्रद्धा, अनुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सदाचार के साथ पूर्ण करेंगे तथा भगवान शिव के आदर्शों को अपने जीवन में उतारेंगे।
सतर्क रहें, स्वस्थ रहें और सुरक्षित काँवड़ यात्रा करें।
No comments:
Post a Comment