मयंक अग्रवाल
नित्य संदेश, मेरठ। गढ़ रोड स्थित राधा गोविंद मंडप में चल रहे सप्त दिवसीय सत्संग के षष्ठम दिवस पर पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री अभयानंद सरस्वती जी महाराज ने श्रोताओं को भक्ति और ज्ञान का मार्ग दिखाया।
महाराज जी ने कहा कि बिना सत्संग के भक्ति समझ में नहीं आती और बिना श्रवण के ज्ञान नहीं होता। जब लौकिक विद्या भी बिना श्रवण के प्राप्त नहीं हो सकती, तो आध्यात्म विद्या की तो बात ही क्या। उन्होंने कहा कि अगर सिर्फ शांति से ज्ञान होता तो हर किसी को सुषुप्ति में ही हो जाता। भगवान की प्राप्ति का सरल और आसान उपाय भक्ति है। भगवान हैं, इसमें कोई संशय नहीं होना चाहिए, भक्ति से निश्चित कृपा मिलती है। उन्होंने भक्तों से आह्वान किया - ध्यान करो, कथा श्रवण करो, भक्ति करो। भगवान कहते हैं अभिमान मत करो।
इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता, बबीता गुप्ता, गोविंद अग्रवाल, आर.के. प्रसाद सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे। यजमान मनोज गुप्ता ने बताया कि 19 अगस्त 2026 को ला फ्लोरा में गोस्वामी तुलसीदास जयंती का पर्व मनाया जाएगा। अंत में आरती और प्रसाद वितरण किया गया। यह कथा 12 से 18 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 4 से 6:30 बजे तक होगी। प्रातःकालीन सत्संग 13 से 19 अगस्त तक सुबह 8 से 9 बजे तक विषय - विवेक चूड़ामणि पर सुमित्रा सत्संग भवन, जागृति विहार एक्सटेंशन में आयोजित होगा।

No comments:
Post a Comment