-जलाभिषेक को लेकर मंदिर में पुख्ता इंतजाम, उमड़ेगी शिव भक्तों की भीड़
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सावन के द्वितीय सोमवार को औघड़नाथ मंदिर में शिवभक्ति का रंग चढ़ा रहा।
बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। वहीं, मंगलवार को शिवरात्रि
पर्व पर कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात
व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जलाभिषेक के साथ ही प्रशासन की नजर शिवरात्रि
पर्व की तैयारियों पर भी है।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने सोमवार को
बाबा औघड़नाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने
श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले रास्तों से लेकर जलाभिषेक की व्यवस्था तक का जायजा
लिया। प्रवेश और निकास मार्ग, कतार व्यवस्था, भीड़ के दबाव वाले स्थान और आसपास की
यातायात व्यवस्था को मौके पर परखा गया। द्वितीय सोमवार पर मंदिर में सुबह से ही
श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी रही। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर तैनात
पुलिसकर्मियों को भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और श्रद्धालुओं को किसी तरह
की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। पेयजल और चिकित्सा सहायता समेत जरूरी
सुविधाओं की उपलब्धता भी देखी गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से कहा कि
श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए और भीड़ को रोकने के बजाय उसे सुचारू
रूप से आगे बढ़ाने पर जोर रहे। किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए
और सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने में देरी न हो।
कंट्रोल रूम से मंदिर पर तीसरी आंख की निगरानी
मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी और एसएसपी कांवड़ कंट्रोल रूम
पहुंचे। यहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, प्रमुख कांवड़ मार्गों और
संवेदनशील स्थानों पर हो रही निगरानी को देखा। अधिकारियों ने कैमरों की सक्रियता
की जांच की और कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों से निगरानी व्यवस्था की जानकारी
ली। शिवरात्रि पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त
सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं
की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पूजा-अर्चना कर कांवड़ियों से जाना हाल
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने औघड़नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर
जलाभिषेक किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं
और कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं के
बारे में जानकारी लेने के साथ प्रसाद भी वितरित किया। द्वितीय सोमवार का जलाभिषेक
संपन्न होने के बाद अब पुलिस-प्रशासन की निगाह मंगलवार को होने वाले शिवरात्रि
पर्व पर है। मंदिर परिसर से लेकर प्रमुख कांवड़ मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है।
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment