नित्य संदेश, इंदौर। इटावा उत्तरप्रदेश के मौलाना जर्जिस अंसारी द्वारा बिहार के कटिहार में 22 जुलाई, 2026 को आयोजित एक धार्मिक सभा (तक़रीर) के दौरान भगवान शिव, ब्रह्मा जी और शिवलिंग की पूजा पद्धतियों पर की गई बेहद अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी (सोशल मीडिया पर वायरल) के विरोध में शनिवार को इंदौर का चंदननगर थाना क्षेत्र भारी जनाक्रोश का साक्षी बना।
आरोपी मौलाना की इस भड़काऊ बयानबाजी से आहत हजारों श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
समाजसेवी मनोज परमार के नेतृत्व में जुटे प्रदर्शनकारियों ने आरोपी मौलाना के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सनातन धर्म के आराध्य देवों का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर उग्र रूप दिया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर ज्ञापन स्वीकार किया तथा मामले की निष्पक्ष जांच व नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का लिखित आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
मौलाना जर्जिस अंसारी की अभद्र और दोयम दर्जे की टिप्पणी के कारण इंदौर (चंदन नगर थाना), कटिहार (बिहार - जहां यह वक्तव्य/तकरीर दी गई थी), लखनऊ, इटावा, अयोध्या, कन्नौज (उत्तर प्रदेश) तथा झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हिंदू संगठनों द्वारा पुलिस प्रशासन को तहरीर देकर FIR एवं गिरफ्तारी की लिखित मांग की जा रही है।


No comments:
Post a Comment