रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। एसबीएम इंटरनेशनल स्कूल के किंडरगार्टन विंग में आज 'येलो डे' बड़े ही उत्साह, उमंग और रंगारंग अंदाज़ में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण पीले रंग की सुंदर सजावट से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे पीले रंग की आकर्षक वेशभूषा में विभिन्न रूप धारण कर विद्यालय पहुंचे। कोई आम, कोई अनानास, कोई नींबू तो कोई अन्य पीले रंग की वस्तुओं का रूप धारण कर आया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और मासूम मुस्कान ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए अनेक रोचक एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें सभी बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। खेल-खेल में बच्चों ने पीले रंग की पहचान, उसके महत्व तथा विभिन्न पीली वस्तुओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में किंडरगार्टन की शिक्षिकाओं अंजू जी राशिका मैम, कामिनी मैम, कोमल मैम एवं काजल मैम ने विशेष योगदान दिया। सभी शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ मिलकर कार्यक्रम को आनंदमय और यादगार बनाया।
विद्यालय की प्रिंसिपल विनीता अग्रवाल और मोनिका गोयल जी ने बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे गतिविधि-आधारित कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को इसी प्रकार उत्साहपूर्वक प्रत्येक गतिविधि में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को उनके उत्साह और सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
No comments:
Post a Comment