Breaking

Your Ads Here

Friday, August 14, 2026

कनोहरलाल महिला महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कनोहरलाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. किरण प्रदीप, शिक्षिकाओं, कार्यालय स्टाफ एवं सहायक वर्ग द्वारा महाविद्यालय के संस्थापक आदरणीय श्री सेठ कनोहर लाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या एवं शिक्षिकाओं ने आपस में बैज लगाकर सद्भावना का संदेश दिया। 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत प्राचार्य जी द्वारा छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को तिरंगे झंडे वितरित किए गए। डॉ. प्रीति सिंह, सहायक आचार्य, अंग्रेजी विभाग द्वारा उच्च शिक्षा निदेशालय से प्रेषित संदेश का पाठन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्रा शिवानी ने देशभक्ति कविता का पाठ किया, वहीं कुमारी हिबा ने देशभक्ति पर आधारित एकल अभिनय प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. किरण प्रदीप ने सभी को स्वतंत्रता दिवस एवं तीज उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "स्वतंत्रता दिवस भारत के लिए गर्व और एकता का प्रतीक है। भारत की आजादी की लड़ाई देश के सभी जाति, धर्म, संप्रदाय और वर्ग के लोगों ने मिलकर लड़ी है। आज जब अलग-अलग राज्यों, अलग-अलग संस्कृतियों और भाषाओं के लोग एक साथ स्वतंत्रता का जश्न मनाते हैं, तो विविधता में एकता का खूबसूरत नजारा दिखता है, जिसमें एक भारत, श्रेष्ठ भारत का भाव झलकता है।"
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्यजनों ने देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। मंच का संचालन सुश्री सिद्धि गुप्ता, सहायक आचार्य, हिंदी विभाग द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, कार्यालय स्टाफ, सहायक वर्ग एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here