Breaking

Your Ads Here

Friday, August 14, 2026

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण


वीर नारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। जनपद में स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षाेल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह ने कैम्प कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत जिला सहकारी बैंक के बाहर स्थित अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनपद मेरठ में विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी एवं सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। एशिया का पहला आरआरटीएस मेट्रो जनपद मेरठ में संचालित हो रहा है। साथ ही मेरठ गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्गों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरठ खेल उत्पादों के निर्माण के लिए भी देश-विदेश में अपनी विशेष पहचान रखता है तथा यहां निर्मित विश्वस्तरीय खेल उत्पादों का देश के साथ-साथ विदेशों में भी निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश एवं जनपद की प्रगति में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा राष्ट्र की उन्नति एवं विकास में निरंतर अपना योगदान देते रहें।
कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा बच्चो को स्टेशनरी का सामान वितरित किया गया। दिव्य ज्योति संस्थान सहित अन्य छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मनमोहक नाट्य एवं गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (भू0अ0) नवीन चन्द्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here