Breaking

Your Ads Here

Friday, August 14, 2026

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज परिसर में फैकल्टी सदस्यों द्वारा 20 छायादार वृक्षों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण करने वाले फैकल्टी सदस्यों ने अपने-अपने द्वारा रोपित पेड़ों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर लगाए गए वृक्षों के संरक्षण और उनके समुचित विकास को सुनिश्चित करना भी रहा।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ हमारे पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ जीवन के लिए आवश्यक एवं अमूल्य स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं। मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान की जिम्मेदारी है कि वह समाज को स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण का संदेश भी दे। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए, तभी ऐसे अभियानों का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।


हॉर्टिकल्चर विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि प्राचार्य के निर्देशानुसार विभाग द्वारा वृक्षारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल एवं संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पौधों को वृक्ष के रूप में विकसित करना ही वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता है। कार्यक्रम में डॉ. तरुण पाल, सियाराम, संदीप, धर्मेंद्र माली सहित अन्य कर्मचारी एवं संबंधित सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के निर्माण के प्रति सभी ने अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here