नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति, जिला वेटलैंड समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आहूत की गई।
बैठक में लोकभारती संस्था के श्रीकृष्ण कांत चौधरी, सम्पर्क प्रमुख उत्तर प्रदेश तथा डॉ. सुमित उपाध्याय संयोजक लोकभारती मेरठ के नेतृत्व में जनपद में वृक्षारोपण अभियान की कार्य योजना प्रस्तुत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकभारती के अभियान में पूरा योगदान देते हुए अभियान को सफल बनाएं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ जियो टैग की स्थिति पर गहन चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विभागों का जियो टैग प्रतिशत अत्यधिक कम है, वे अगले 3 दिनों में इसे पूर्ण करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए कार्य योजना मुख्य विकास अधिकारी तथा एडीएम प्रशासन के माध्यम से अगले एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। करनावल स्थित तालाब के संबंध में चल रहे एनजीटी वाद के क्रम में तहसीलदार, बीडीओ तथा ईओ करनावल को निर्देश दिए गए कि वे एडीएम प्रशासन की निगरानी में समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करें तथा एनजीटी के जो भी निर्णय आए, उसे जिला पर्यावरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने गांवों में बायोडायवर्सिटी रजिस्टर का निर्माण सभी विकास खंड अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित कराने व बैठक आयोजित करने, हिंडन नदी के पुनरुद्धार हेतु सरधना नाले की सफाई के लिए सिंचाई विभाग गंग नहर खंड व अधिशासी अधिकारी, सरधना नगर पालिका परिषद को संयुक्त रूप से समन्वय कर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए और रिपोर्ट जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देश दिए कि गंगा व सहायक नदी के किनारे स्थित गांवों में ग्राम गंगा समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर रिपोर्ट जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे को उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर डीएफओ वंदना फोगाट, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय वर्धन तोमर, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास सुनील कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) तुषार गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment