नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज एनआईसी सभागार में जिले के परिषदीय विद्यालयों की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शुक्रवार को बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित समस्त विद्यालयों का सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए समस्त जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऑडिट के दौरान इन बिंदुओं की विशेष जांच की जाएगी -
1. विद्यालय भवन की स्थिति
2. मध्यान्ह भोजन (MDM) की गुणवत्ता
3. शौचालयों की साफ-सफाई
4. मल्टीपल हैंडवॉश की उपलब्धता
5. स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता
6. विद्युत उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था
7. डीबीटी के माध्यम से वितरित यूनिफॉर्म की स्थिति
8. पठन-पाठन की गुणवत्ता और विद्यालय में अन्य कमियां
उन्होंने कहा कि इस निरीक्षण के आधार पर प्रत्येक विद्यालय की कार्य योजना तैयार कर आगामी वर्ष में आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।
एमडीएम की गुणवत्ता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित मैन्यू के अनुसार ही भोजन वितरित किया जाए। स्वयंसेवी संस्थाओं (NGO) द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता मानक के अनुसार होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि मैन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध न कराने वाली संस्थाओं के भोजन की जांच कराई जाएगी। गुणवत्ता खराब पाए जाने पर संबंधित संस्था का अनुबंध तत्काल समाप्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चीफ इंजीनियर नगर निगम सहित समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment