Breaking

Your Ads Here

Friday, August 14, 2026

चौधरी अजित सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चारु सिंह ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज


नित्य संदेश ब्यूरो 
बागपत : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्‍य में चारु सिंह ने चौधरी अजित सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर डिजाइन एंड फैशन टेक्नोलॉजी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 

चारु सिंह (केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री) जयंत चौधरी की पत्नी हैं। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्‍य में आयोजित इस कार्यक्रम में सेंटर के प्रशिक्षु, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में देश की आजादी के साथ कौशल विकास, रोजगार और युवाओं व महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।ध्वजारोहण के बाद चारु सिंह ने सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षुओं के प्रयासों की सराहना की और उन्हें अपने हुनर का उपयोग कर अच्छा करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु अपने कौशल के जरिए परिधान और फैशन उद्योग के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों को नियुक्ति पत्र भी दिए गए। इन युवतियों को रजनी हैंडलूम, खेकड़ा, बागपत में नौकरी मिली है। यह पहल दिखाती है कि सेंटर में दिए जा रहे प्रशिक्षण को रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। इससे क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने में मदद मिलेगी।

चारु सिंह ने सेंटर के पहले बैच की सफल प्रशिक्षार्थियों से बने स्वयं सहायता समूह (SHG) को सिलाई मशीनें भी दीं। यह समूह अपैरल, मेड-अप्स एंड होम फर्निशिंग सेक्टर स्किल काउंसिल (AMHSSC) के सहयोग से बनाया गया है।सिलाई मशीनों और प्रशिक्षण की मदद से समूह की महिलाएं अब कपड़े तैयार करने का काम करेंगी और अपनी आय का साधन विकसित करेंगी। इस अवसर पर चारु सिंह ने कहा कि युवाओं, खासकर महिलाओं के लिए नए अवसर पैदा करने में कौशल विकास की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का असली फायदा तभी है, जब उससे नौकरी, अपना काम शुरू करने और बेहतर आजीविका के अवसर मिलें। 
कार्यक्रम में आशीष श्रीवास्तव (सीईओ, एएमएचएसएससी), डॉ. यशवीर चौहान (उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय लोक दल), डॉ. संजीब रॉय (निदेशक, केवीआईसी, मेरठ) सहित एएमएचएसएससी की टीम, सेंटर के अधिकारी, प्रशिक्षु और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। चौधरी अजित सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर डिजाइन एंड फैशन टेक्नोलॉजी का उद्देश्य बागपत और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को परिधान और फैशन क्षेत्र में अच्छी ट्रेनिंग देना और उन्हें नौकरी या अपना काम शुरू करने के अवसरों से जोड़ना है। सेंटर के माध्यम से युवाओं को उद्योग की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, प्रशिक्षुओं को रोजगार और अपना काम शुरू करने में भी सहयोग दिया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का समापन कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ हुआ। यह पहल आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here