नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर द्वारा मेरठ जनपद का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
ADG जोन ने SP ट्रैफिक मेरठ एवं अन्य पुलिस बल के साथ थाना पल्लवपुरम क्षेत्रान्तर्गत अस्थायी पुलिस चौकी मोदीपुरम के सामने कांवड़ मार्ग का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस चौकी में बने CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और कांवड़ मार्ग पर लगे CCTV कैमरों के माध्यम से 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरान्त ADG जोन द्वारा थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री बाबा औघड़नाथ मंदिर का निरीक्षण किया गया। मंदिर के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कड़े निर्देश दिए।
ADG ने मंदिर परिसर में स्थापित CCTV कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन और CCTV के माध्यम से सतर्क दृष्टि बनाए रखने को कहा। मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद उन्होंने श्री बाबा औघड़नाथ मंदिर में दर्शन कर जलाभिषेक भी किया।
अंत में अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा मेरठ रिजर्व पुलिस लाइन स्थित एकीकृत केंद्रीय कमांड कंट्रोल रूम (Integrated Command Control Room) का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मैट्रिक्स सॉफ्टवेयर के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रभावी निगरानी रखने और जनपद के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं कांवड़ मार्गों पर CCTV के माध्यम से नजर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
No comments:
Post a Comment