नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आज मेरठ कैंट विधानसभा के पल्लवपुरम मंडल के सोफीपुर में कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल के नेतृत्व में कैलाश सेवा शिविर से संकट मोचन हनुमान मंदिर, सोफीपुर गेट तक निकाली गई।
कलश यात्रा में विधायक अमित अग्रवाल ने सम्मिलित होकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे एवं सद्भाव का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, प्रेम और समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने तथा प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। 650वां जयंती वर्ष उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment