Breaking

Your Ads Here

Tuesday, August 18, 2026

मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा सेवा योजना का शुभारंभ, पीआरडी जवानों को मिलेगा 5 लाख तक का कैशलेस इलाज



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ ताल, गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के सम्मेलन में ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा सेवा योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के अंतर्गत पीआरडी स्वयंसेवकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की भी घोषणा की।


गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मा0 राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी जी ने की तथा कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद एवं विधायक ने मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के हित में की गई घोषणाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से मेरठ के पीआरडी जवानों एवं उनके परिवारों को भी महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था, यातायात, आपदा प्रबंधन, चुनाव एवं विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में प्रशासन और पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू होने से जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। इस योजना से प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों तथा उनके परिवारों के लगभग 1.55 लाख से अधिक सदस्य लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड का वितरण करने के साथ ही लखनऊ के ग्राम एटर पश्चिम, सरोजनी नगर में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।


मुख्यमंत्री द्वारा 600 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता तथा सपरिवार 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा से मेरठ के पीआरडी जवानों में खुशी की लहर दौड़ गई। जवानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का धन्यवाद एवं आभार जताया। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से गंभीर बीमारी एवं आकस्मिक परिस्थितियों में उन्हें और उनके परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी वैश्विक डबास सहित युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here