नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। शहर में रविवार आधी रात से रुक-रुककर हो रही रिमझिम के बाद सोमवार सुबह मौसम बदला रहा। कहीं रिमझिम तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी है। इस बार अगस्त का यह पहला दिन है, जब आधी रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार दोपहर बाद तेज बारिश के आसार जताए हैं।
आधी रात से शुरू हुई बारिश सुबह 8:30 बजे तक 4.5 मिमी दर्ज की गई। बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई है। सुबह से हो रही बारिश का असर आवाजाही और जनजीवन पर भी दिखाई दिया। लोग एक बार फिर रेनकोट और छाते लेकर निकलते नजर आए। इंदौर में इस सीजन में अब तक 404.6 मिमी (करीब 16 इंच) बारिश हो चुकी है।
इंदौर में सीजन की औसत बारिश करीब 38 इंच है। इस लिहाज से अभी करीब 22 इंच बारिश की जरूरत है। अगस्त और सितंबर बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाते हैं, क्योंकि सीजन की करीब आधी बारिश इन्हीं दो महीनों में होती है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी बारिश का सीजन खत्म होने में करीब 52 दिन बाकी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक औसत से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अधिकांश जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि ग्वालियर, भिंड, बुरहानपुर, देवास और खरगोन में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।


No comments:
Post a Comment