Breaking

Your Ads Here

Monday, August 10, 2026

टीआई मॉल में इंदौर पुलिस ने की बम थ्रेट मॉक ड्रिल : स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए परखी, सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां

किसी आपातकालीन परिस्थिति/ लावारिस(विस्फोटक सामग्री) वस्तु मिलने पर, कैसे हो सुरक्षा के मापदंड, इसको लेकर कराया जीवंत अभ्यास


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था तथा शहर में विभिन्न आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए इंदौर पुलिस द्वारा पुलिस आयुक्त के दिशा निर्देशन में शहर के महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की चैकिंग व निरीक्षण एवं आपातकालीन स्थिति में पुलिस, प्रशासन व संस्थानों की क्या सुरक्षा तैयारियां है इसका भी जायजा लिया जा रहा है।


इसी अनुक्रम में आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए   पुलिस उपायुक्त अमन सिंह राठौर के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस की बीडीडीएस टीम द्वारा आज  10.08.26 को टीआई मॉल इंदौर में किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु किस प्रकार बेहतर सुरक्षा संबंधी प्रबंधन किया जाए इस संबंध में मॉक ड्रिल की गई। 

इस ड्रिल में बीडीडीएस प्रभारी खालिद मुश्ताक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मॉल के सुरक्षा स्टाफ व विभिन्न शोरूम के कर्मचारियों को भी साथ लेकर, किसी आपातकालीन परिस्थितियों/ लावारिस (विस्फोटक सामग्री वाली) वस्तु मिलने पर किस प्रकार से कार्यवाही की जाए एवं जनता की सुरक्षा का ध्यान किस प्रकार रखा जाए आदि बातों का जीवंत अभ्यास कराया गया।


इस दौरान यह भी समझाया गया कि ऐसी किसी भी स्थिति में घबराए बिना तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रखा जाए, अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार पुलिस एवं संबंधित विशेषज्ञ टीम को तत्काल सूचना दी जाए। साथ ही, आमजन को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा आपातकालीन स्थिति में समन्वित कार्यवाही करने का भी अभ्यास कराया गया।

पुलिस अधिकारियों एवं बीडीडीएस टीम ने मॉल प्रबंधन, सुरक्षा कर्मियों, शोरूम स्टाफ सहित आमजन से भी संवाद कर संदिग्ध वस्तु मिलने पर क्या करें और क्या न करें, इस संबंध में आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी।


 पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस सहित आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों को परखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here