नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी मेरठ डॉ० वी०के० सिंह ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
कार्यालय जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आज शनिवार को पत्रांक 6337 / माध्यमिक शिक्षा / 2026 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि श्रावण मास 30-07-2026 से प्रारम्भ हो गया है और श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व 11-08-2026 को मनाया जाएगा। जनपद में हरिद्वार से कांवड़ियों / श्रद्धालुओं का काफी संख्या में आवागमन विभिन्न कांवड़ मार्गों पर शुरू हो गया है, जिसके दृष्टिगत यातायात डायवर्जन प्लान भी लागू कर दिया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं कानून-शांति व्यवस्था के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है -
1. कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद - जनपद मेरठ में संचालित बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई व अन्य सभी बोर्डों से सम्बन्धित समस्त शिक्षण संस्थाएं तथा मदरसा बोर्ड के सभी विद्यालय 03-08-2026 से 12-08-2026 तक पूर्णतया बंद रहेंगे।
2. महाविद्यालय और विश्वविद्यालय भी बंद - जनपद के समस्त शासकीय एवं निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं तकनीकी संस्थाएं भी इसी अवधि में बंद रहेंगी। हालांकि यदि किसी कोर्स में परीक्षा का कार्यक्रम पहले से घोषित है, तो उस पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
No comments:
Post a Comment