Breaking

Your Ads Here

Friday, August 14, 2026

16 लाख से अधिक बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा, आरजी इंटर कॉलेज में एनडीडी का शुभारंभ


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत शुक्रवार को आरजी इंटर कॉलेज, मेरठ में कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की और बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के महत्व पर जानकारी दी।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद ने बताया कि एल्बेंडाजॉल बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 16,39,583 बच्चों, किशोरों और किशोरियों को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर निशुल्क कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। नोडल अधिकारी एनडीडी डा. अतुल कुमार ने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली चूरा करके, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली चूरा करके तथा 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। स्कूल नहीं जाने वाले और गैर-पंजीकृत बच्चों को भी नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर दवा खिलाई जाएगी।



प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डा. अंकुर त्यागी ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। डीसीपीएम हरपाल सिंह ने अभियान के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जो बच्चे दवा खाने से छूट जाएंगे, उन्हें 18 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील की। आरजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में डीसीपीएम हरपाल सिंह, जेएसआई कार्यक्रम अधिकारी अल्ताफ अली, डीसी एनडीडी रिजवान, एनसीडी सेल के सचेत, आरिफ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहरी क्षेत्र की आशा एवं एएनएम मौजूद रहीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here