नित्य संदेश ब्यूरो
गाजियाबाद। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन किताब प्रेमियों का नया ठिकाना बन गया है, जहाँ इस क्षेत्र में दूर-दूर से पाठक यहाँ आयोजित 10 दिवसीय बुक फेयर, 'स्टोरीबॉक्स' में शिरकत कर रहे हैं। 20,00 से ज़्यादा ओरिजिनल किताबों के साथ यह बुक फेयर, आगंतुकों को अपनी पसंदीदा किताबें देखने, चुनने और ख़रीदकर घर ले जाने का अवसर प्रदान कर रहा है। 14 अगस्त से आरंभ हुआ यह बुक फेयर 23 अगस्त तक सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक सभी आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।
इस बुक फेयर में आगंतुकों को सबसे ज़्यादा आकर्षित कर रहा है इसका बॉक्स-आधारित खरीदारी का विकल्प। अलग-अलग किताबें खरीदने के बजाय, पाठक अपनी जेब पर ज़्यादा बोझ डाले बिना बॉक्स के हिसाब से किताबें खरीद सकते हैं। आगंतुकों के पास दो अलग-अलग बॉक्स साइज़ के विकल्प हैं, स्टोरीबॉक्स मिनी और स्टोरीबॉक्स बिगी जिसमें वे अपनी पसंद और बजट के हिसाब से कोई भी बॉक्स चुनकर, उसमें जितनी किताबें आराम से फिट हो सकें, उतनी भर सकते हैं और पूरे बॉक्स की तय कीमत पर एक साथ ख़रीद सकते हैं। बुक फेयर के इस फॉर्मैट ने लोगों के लिए अपनी पसंदीदा किताबें तलाश कर उन्हें घर ले जाने के अनुभव को और ख़ास बना दिया है। पाठक अलग-अलग शैलियों की किताबें देखते हैं, अपनी पसंदीदा किताबें चुनते हैं और एक ही बॉक्स में अपनी पसंद का खास कलेक्शन तैयार करते हैं। इस बुक-फेयर में, हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में अलग-अलग तरह की किताबों का कलेक्शन मौजूद है, जिनमें फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बच्चों की किताबें और बहुत कुछ शामिल है, जो हर उम्र और पसंद के पाठकों की ज़रूरतों को पूरा करती हैं। किताबों के अलावा, यह बुक फेयर लोगों को लेखकों से मिलने, ‘मीट-एंड-ग्रीट’ सेशन में हिस्सा लेने और किताबों पर ऑटोग्राफ़ लेने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। एक्सक्लूसिव प्री-ऑर्डर, मर्चेंडाइज़ और किताबों से जुड़े दूसरे अनुभव आगंतुकों के लिए इस पूरे अनुभव को और बेहतर बनाते हैं।
यह बुक फेयर नमो भारत स्टेशन को सपनों और किस्सों से जोड़कर, किताबों को दैनिक यात्रा का एक सुलभ और मज़ेदार हिस्सा बना रहा है। यात्री अपने रोज़ के सफ़र से कुछ पल चुराकर, थोड़ा सा ठहरकर अपनी पसंद की किताब चुन रहे हैं और अपने साथ ले जा रहे हैं। चाहे वे छात्र हों, दैनिक यात्री, पूरे परिवार के लोग या अन्य आगंतुक, यह बुक फेयर मात्र एक किताब की कीमत पर उन्हें अपनी पसंदीदा साहित्यिक दुनिया की यात्रा करने का अवसर प्रदान कर रहा है। आनंद विहार इस क्षेत्र के सबसे व्यस्त मल्टीमॉडल हब में से एक है जो सार्वजनिक परिवहन के कई साधनों से निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करता है। इससे अलग-अलग तरह के यात्रियों और आगंतुकों के लिए इस बुक फेयर तक पहुँचना और भी आसान हो गया है। इस बुक फेयर ने पढ़ने और किताबों में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक साझा मंच प्रदान कर, पढ़ने को और ज़्यादा सुलभ बना दिया और रोज़ाना के सफ़र में सार्थक जुड़ाव को प्रोत्साहित कर रहा है।
यह पहल एनसीआरटीसी द्वारा नमो भारत स्टेशनों को एक जीवंत सोशल हब बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को कला, संस्कृति, इतिहास, शिक्षा और मनोरंजन से जोड़कर उन्हें नए अनुभव प्रदान करना है। यह बुक फेयर लोगों को अपनी भागदौड़ भरी ज़िंदगी से फुर्सत के कुछ पल निकालकर, नई किताबों, विषयों और अनुभवों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही यह नमो भारत स्टेशनों की बदलती भूमिका को भी दिखाता है जहाँ ये ऐसे सार्वजनिक स्थानों के रूप में विकसित हो रहे हैं जो यात्रा सुविधा के साथ-साथ लोगों, रुचियों और समुदायों को आपस में जोड़ते हैं।



No comments:
Post a Comment