Breaking

Your Ads Here

Monday, July 27, 2026

मेरठ में NCC गर्ल्स कैडेट्स का चयन, कर्नल ठाकुर बोले - एनसीसी सिर्फ वर्दी नहीं, जीवनशैली है



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। देशभक्ति, अनुशासन और चरित्र निर्माण के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रीय कैडेट कोर के विस्तार के क्रम में शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में NCC चयन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय में 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के अंतर्गत सीनियर विंग के लिए गर्ल्स कैडेट्स का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ चयन
चयन पूर्णतः पारदर्शी एवं योग्यता के आधार पर किया गया। इसके तहत पहले लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स, बेसिक ड्रिल और एनसीसी से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार में छात्राओं के आत्मविश्वास, संवाद क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का मूल्यांकन किया गया।

मुख्य अतिथि कर्नल होपेंद्र ठाकुर का संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल होपेंद्र ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, "एन०सी०सी० केवल एक वर्दी नहीं है, यह एक जीवनशैली है। यह युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, अनुशासन और देशभक्ति की भावना विकसित करती है। आज की बालिकाएं कल की राष्ट्र निर्मात्री हैं।" उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्राकृतिक आपदाओं, सामाजिक सेवा और राष्ट्रीय एकता में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। इस अवसर पर विगत वर्ष की उत्तीर्ण गर्ल्स कैडेट्स को 'बी' सर्टिफिकेट भी वितरित किए गए। प्रमाण पत्र पाकर छात्राओं के चेहरे पर गर्व और उत्साह साफ दिखाई दिया।

प्रधानाचार्य ने किया उत्साहवर्धन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रभात कुमार गुप्ता ने कहा, "संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास के लिए एनसीसी वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह छात्राओं को चुनौतियों का सामना करना सिखाती है और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाती है।" उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय प्रशासन एनसीसी को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। चयन प्रक्रिया को सफल बनाने में बटालियन की सीनियर जीसीआई संध्या सिंह और जेसीओ रामानंद कुशवाहा का विशेष सहयोग रहा। सम्पूर्ण पंजीकरण प्रक्रिया लेफ्टिनेंट वन्दना सिंह एवं लेफ्टिनेंट उमेश कुमार की देखरेख में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। अंत में नव-चयनित कैडेट्स ने एनसीसी के मूल मंत्र "एकता और अनुशासन" का पालन करते हुए देशसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here