Breaking

Your Ads Here

Sunday, July 26, 2026

मातृभाषा, संगीत और संस्कारों का अनुपम संगम बना 'सानंद मराठी समूहगीत स्पर्धा' का भव्य आयोजन

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। मातृभाषा के प्रति प्रेम, भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था और संगीत के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम रविवार को उस समय देखने को मिला, जब सानंद न्यास द्वारा आयोजित 'सानंद मराठी समूहगीत स्पर्धा' का भव्य एवं सफल आयोजन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय सभागृह, खंडवा रोड, इन्दौर में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रातः ठीक 9 बजे प्रारंभ हुए इस सांगीतिक महोत्सव ने पूरे दिन सभागार को सुर, ताल, भाव और संस्कारों की अनुपम छटा से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ युवा उद्योगपति श्री शिरीष पुरंदरे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समापन अवसर पर युवा उद्योगपति श्री अभिषेक गावडे एवं सौ. स्वाती युवराज काशिद ने विजेताओं की घोषणा की।

स्पर्धा में सहभागी बने 42 क्षेत्रीय, शालेय एवं महाविद्यालयीन समूहों के लगभग 750 बाल प्रतिभागियों ने अपने मनमोहक सामूहिक गायन से उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। रविवार का अवकाश मनोरंजन के पारंपरिक साधनों को समर्पित करने के बजाय इन बाल कलाकारों ने अपनी मातृभाषा, संगीत और संस्कृति के नाम समर्पित कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित नन्हे-मुन्ने कलाकारों की प्रस्तुतियाँ मानो महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को साकार कर रही थीं। विशेष रूप से नौवारी साड़ी धारण किए नन्हीं बालिकाओं द्वारा पूजा की थालियों के साथ प्रस्तुत भक्तिमय गीतों ने ऐसा अलौकिक वातावरण निर्मित किया कि सम्पूर्ण सभागार एक पावन देवालय का आभास कराने लगा। वहीं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत समूहगीतों ने उपस्थित जनसमुदाय के हृदय में देशप्रेम की भावना का संचार कर वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

उपस्थित अतिथियों ने सानंद न्यास द्वारा वर्षों से निरंतर किए जा रहे मातृभाषा संवर्धन, सांस्कृतिक संरक्षण एवं बाल संस्कार निर्माण के इस अभिनव प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद पहल बताया।

स्पर्धा के विजेताओं को प्रसिद्ध अभिनेता श्री अच्युत पोतदार एवं अन्य सहयोगियों द्वारा प्रायोजित पुरस्कार आगामी 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

तीनों समूहों के लिए निर्णायक मंडल में सौ. निशा चिटणीस, सौ. अलका शाहपुरकर, श्री हर्षवर्धन लिखिते, श्री आनंत पुरंदरे, श्री रविन्द्र किल्लेदार, डॉ. शुभांगी शिरढोणकर, श्री गंधार राजहंस, श्री कपिल पुराणिक एवं सौ. स्मिता जठार ने निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन किया।

अतिथियों एवं निर्णायकों का स्वागत जयंत भिसे, संजीव वावीकर, संपदा देशमुख, सानंद मित्र रोहक थोरात एवं कृतिका निखाडे ने किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सौ. मेधा खिरे, सानंद मित्र कु. प्रिया गोळे, कु. चंद्रिका निखाडे एवं कु. इशा शेरीकर ने किया, जबकि अंत में श्री जयंत भिसे ने आभार व्यक्त किया।

इस विराट आयोजन की सफलता में सानंद मित्र समूह के सभी स्वयंसेवकों का समर्पण, अनुशासन और अथक परिश्रम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उनकी सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण हजारों उपस्थित रसिकों ने पूरे कार्यक्रम का आनंद सहजता और अनुशासन के साथ लिया।

कार्यक्रम में सहभागी बने बच्चों के अभिभावकों, अतिथियों तथा हजारों संगीतप्रेमी रसिकों ने सानंद मराठी समूहगीत स्पर्धा की उत्कृष्ट आयोजन व्यवस्था, सांस्कृतिक गरिमा तथा मातृभाषा संरक्षण के इस सतत अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए सानंद न्यास एवं सानंद मित्र समूह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

समूहगीत स्पर्धा 2026 के यह रहे परिणाम

बालगट क्षेत्रीय

प्रथम -  श्रीमती मनिषा सुपेकर, द्वितीय - श्री यश मनोचा, तृतीय - कु. श्रेया केवट

बालगट शालेय

प्रथम -  लोकमान्य विद्या निकेतन, सौ. आकांक्षा वैद्य, द्वितीय - वर्ल्ड पीस स्कूल, श्री अमित सिसोदिया, तृतीय - सांदीप‌नि अकादमी मंडलेश्वर, बेला पठाडे, प्रोत्साहन पुरस्कार- विबग्योर राईज स्कूल, श्री वैभव खडावदेकर

तरुण गट क्षेत्रीय

प्रथम - श्रीमती मनीषा सुपेकर , द्वितीय -श्री श्याम चंचलानी , तृतीय - सौ. वैशाली फडके- 

तरुण गट शालेय

प्रथम - लोकमान्य विद्या निकेतन सौ. कविता पेंढारकर , द्वितीय - चोइथराम स्कूल, सौ. अमृता तिवारी, तृतीय - श्री वैष्णव एकेडमी, सौ. कीर्ति महाशब्दे

महाविद्यालयीन गट

प्रथम - श्री यश मनोचा , द्वितीय - सौ. कविता पेंढारकर

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here