Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 29, 2026

कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत विद्युत व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) द्वारा विभिन्न जनपदों में स्थलीय निरीक्षण का क्रम लगातार जारी है।


बुधवार को प्रबंध निदेशक ने श्री औघड़नाथ मंदिर परिसर एवं उसके आस-पास के कांवड़ मार्गों का विस्तृत निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में विद्युत लाइनों की ऊंचाई, ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा घेराबंदी, लूज व जर्जर तारों की स्थिति, अर्थिंग व्यवस्था तथा अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर कहीं भी लटकते या नीचे झूलते तार न रहें, सभी पोलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें। 


श्री गुप्ता ने कहा कि श्रावण मास में लाखों कांवड़िए जलाभिषेक के लिए आते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। विद्युत से संबंधित किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। साथ ही मंदिर परिसर एवं शिविरों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर मुख्य अभियंता (वितरण) मेरठ क्षेत्र, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here