शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। एनवायरमेंट क्लब द्वारा वन विभाग के सहयोग से संचालित पर्यावरण जागरूकता अभियान 'मेरी गुठली मेरा पेड़' के पांचवें सीजन का बुधवार को समापन हो गया। क्लब की टीम ने दिल्ली रोड स्थित संजय वन नर्सरी में एकत्रित की गई आम और जामुन की कई किलो गुठलियों को पौधे बनाने के लिए वन विभाग को सौंपा। इस दौरान क्लब सदस्यों ने नर्सरी में स्वयं भी गुठलियां रोपित की।
क्लब संस्थापक सावन कनौजिया ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अभियान
के तहत बड़े स्तर पर लोगों से आम-जामुन की गुठलियां एकत्रित की गईं। 'कचरे से कंचन' की पद्धति पर आधारित इस अभियान
का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों में ही पर्यावरण संरक्षण के लिए
प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि जो गुठलियां सामान्यतः कचरे में चली जाती हैं, उन्हें एकत्रित कर अब उनसे पौधे तैयार किए जाएंगे।
एकत्रित सभी गुठलियों को संजय वन नर्सरी में पौधे उगाने हेतु वन दारोगा संदीप
दहिया को सौंप दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अभियान
का शुभारंभ राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर द्वारा किया गया था। इस अवसर पर वन दारोगा संदीप दहिया, क्लब संस्थापक सावन कनौजिया, सचिन यादव, वंश मित्तल, शौर्य, अभिषेक, दीपक, छवि, अनुभव, आकाश वर्मा, ओमप्रकाश सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment