सपना सी.पी. साहू
नित्य संदेश, इंदौर। भंवरकुआं थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रकों से बैटरी चुराने वाले एक शातिर गैंग का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीपेश अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष दूधी ने एक विशेष टीम का गठन किया था। सूने क्षेत्रों में खड़े ट्रकों से लगातार हो रही चोरी की शिकायतों पर भंवरकुआं थाने में अपराध क्रमांक 781/26 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आधुनिक तकनीक व मुखबिरों की मदद से संदिग्ध ऑटो चालक का पीछा कर गैंग के चार सदस्यों—मुदस्सीर खान उर्फ मेडी (पिता मुजफ्फर, निवासी गुलजार कॉलोनी), रशीद खान (पिता शाबिर खान, निवासी गुलजार कॉलोनी), मोहसिन खान (पिता नासिर, निवासी विजय पैलेस कॉलोनी) और सोनू उर्फ शाहबाज शाह (पिता शहीद, निवासी विजय पैलेस कॉलोनी) को दबोच लिया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी का मशरूका, जिसमें एक सवारी ऑटो (MP09RB2062) और 2 बैटरियां शामिल हैं, जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष दूधी, प्रधान आरक्षक सोहन मौर्य, आरक्षक अंकित सिंह भदौरिया और आरक्षक जितेंद्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment