नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुरादाबाद मंडलायुक्त द्वारा रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 बिल्डिंगों को ध्वस्त करने के आदेश पर रोक लगाए जाने के फैसले का समाजवादी पार्टी ने स्वागत किया है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा कि जिलाधिकारी रामपुर, उपाध्यक्ष रामपुर विकास प्राधिकरण, उप जिलाधिकारी रामपुर, सिटी मजिस्ट्रेट और तहसीलदार रामपुर द्वारा विश्वविद्यालय की बिल्डिंग गिराने का असंवैधानिक आदेश दिया गया था। सपा नेताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई भाजपा के शहर विधायक आकाश सक्सेना और अन्य भाजपा नेताओं के इशारे पर शिक्षा विरोधी, छात्र विरोधी और अल्पसंख्यक, पिछड़ा, दलित विरोधी मानसिकता के तहत की जा रही थी।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता, समाजसेवी संगठनों, छात्र संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों और समाजवादी पार्टी के आक्रामक विरोध और गरिमापूर्ण धरना-प्रदर्शन के कारण प्रशासन को अपने कदम पीछे खींचने पड़े। मंडलायुक्त मुरादाबाद ने प्रदेश की सांप्रदायिक और फासीवादी विचारधारा के विरुद्ध जनादेश का सम्मान करते हुए ध्वस्तीकरण पर रोक लगाई है।
इसके लिए सपा नेताओं ने मंडलायुक्त मुरादाबाद, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा, रामपुर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह, संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क, कैराना सांसद इकरा हसन, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक शाहिद मंजूर, कमाल अख्तर, अतुल प्रधान, रफीक अंसारी, महबूब अली, पूर्व विधायक परवेज अली सहित सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, संगठन पदाधिकारियों और पार्षदों का आभार जताया।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में भी बदले की भावना से विश्वविद्यालय को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। भाजपा की पिछलग्गू बने अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सपा नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी जौहर यूनिवर्सिटी पर आंच नहीं आने देगी और छात्र-छात्राओं के अधिकारों पर कुठाराघात नहीं होने देगी। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देश और प्रदेश कानून और संविधान से चलेगा, आस्था या धर्म से नहीं।
बयान जारी करने वालों में - अफजाल सैफी पूर्व पार्षद दल नगर निगम मेरठ एवं पूर्व महानगर उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी मेरठ, संगीता राहुल राष्ट्रीय सचिव समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी एवं पूर्व पार्षद, शाहिद पहलवान अध्यक्ष शहर विधानसभा, हाजी अन्न सैफी पूर्व प्रदेश सचिव व्यापार सभा, मुशीर खान प्रदेश सचिव समाजवादी व्यापार सभा उत्तर प्रदेश सहित अन्य नेता शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment