सलीम सिद्दीकी
नित्य संदेश, मेरठ। 24वीं उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल चैंपियनशिप की अंडर-16 श्रेणी में मेरठ के बालक एवं बालिकाओं की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। नोएडा में संपन्न हुई इस चैंपियनशिप के फाइनल मैच में मेरठ ने गाजियाबाद को 80-50 के भारी भरकम अंतर से हराया, जबकि बालिका वर्ग में मेरठ की टीम बुलंदशहर से 44-41 के तीन अंको के मामूली अंतर से हार गई। मेरठ की बालिकाओं की टीम को उपविजेता घोषित किया गया। जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव मिर्जा शाहबाज बेग ने बताया कि यह लगातार दूसरा मौका है कि जब मेरठ की दोनों टीमों (बालक एवं बालिका) को फाइनल खेलने का मौका मिला हो। बता दें कि मेरठ की बालकों की बास्केटबॉल टीम के 12 खिलाड़ियों में से 8 खिलाड़ी मेरठ पब्लिक स्कूल के हैं। बुधवार को मेरठ पहुंचने पर दोनों टीमों का भव्य स्वागत किया गया।

No comments:
Post a Comment