नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) मुख्यालय में शुक्रवार को तीन वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य अभियंता (वाणिज्य) इंजी. प्रमोद कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) इंजी. अनुराग भल्ला और अधिशासी अभियंता (वाणिज्य) इंजी. रविन्द्र प्रकाश सेवानिवृत्त हुए। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (IAS) ने तीनों अधिकारियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कर्मठ और समर्पित अधिकारियों के योगदान से ही संभव होती है। तीनों अधिकारियों ने अपनी दीर्घ सेवाकाल में निष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली से डिस्कॉम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा। निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) इंजी. आशु कालिया ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिचय दिया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने वर्ष 1989 में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में सेवा शुरू की थी और लगभग चार दशक तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे। अधीक्षण अभियंता अनुराग भल्ला ने 1986 में अवर अभियंता के रूप में सेवा शुरू कर मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद सहित विभिन्न जनपदों में प्रशासनिक और वाणिज्यिक प्रबंधन में योगदान दिया। वहीं अधिशासी अभियंता रविन्द्र प्रकाश ने 1999 में पारीछा तापीय परियोजना, झांसी से अवर अभियंता के रूप में सेवा शुरू की और मेरठ, शामली, सहारनपुर में तकनीकी व वाणिज्यिक कार्यों को सुदृढ़ किया।
समारोह का संचालन अधिशासी अभियंता निखिल कुमार और दिलमणि थपलियाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य अभियंता मो. सगीर, मुख्य अभियंता गुलाब सिंह, महाप्रबंधक (लेखा) अमित रोहिला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment