
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। मामला मरीमाता पानी की टंकी के पास महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी के वृद्धाश्रम का है। जहां आश्रम में बुजुर्ग महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। उस वीडियो में एक लड़का डंडे से बुजुर्ग महिला की पिटाई करते हुए दिख रहा है प्रशासन ने गुरुवार को आश्रम सील कर दिया और बुजुर्ग महिलाओं को दूसरे आश्रम में शिफ्ट कर दिया गया।

एक वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि एक लड़का, जिसकी उम्र 14 साल बताई जा रही है, वह डंडे से महिलाओं को पीट रहा है। बाणगंगा थाना पुलिस ने इसकी संचालिका को थाने बुलाया और समझाइश देकर छोड़ दिया। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर भेजा। प्रशासन ने बताया कि वृद्धाश्रम में रह रहे 30 बुजुर्गों में से स्वस्थ लोगों को गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम और गणेश वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया गया, जबकि बीमार बुजुर्गों को सरकारी अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने वृद्धाश्रम को सील करने और एफआईआर की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसीपी बोलीं- 5 माह पहले मां के साथ आया था
एसीपी रुबीना मिजवानी के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि लड़के की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। अभी कार्रवाई नहीं की गई है। लड़का करीब पांच महीने पहले अपनी मां के साथ यहां आया था। उसकी मां झुलस गई थी। कुछ दिन बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद से लड़का वृद्धाश्रम में रह रहा था। बुधवार को लड़के का एक बुजुर्ग महिला से विवाद हो गया। इस पर लड़के ने उसे डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में बीच-बचाव करने वालों के साथ भी वह हाथापाई करता नजर आ रहा है।
एसीपी के मुताबिक, बच्चे की काउंसलिंग कराई जाएगी। फिलहाल, वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे को लड़के को बुजुर्गों से अलग रखने के निर्देश दिए गए हैं। उसे गुरुवार को वृद्धाश्रम से हटाकर नाबालिग बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था में भेजा जाएगा।एसडीएम निधि वर्मा ने बताया कि कलेक्टर ने सामाजिक न्याय और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के साथ जांच के लिए भेजा है। वृद्धाश्रम अवैध था।

संचालक बोलीं- मैं गुरु पूजन में गई थी, गलती हो गई
वृद्धाश्रम की संचालक नीलम दुबे ने बताया कि घटना कल की है। मैं गुरु पूजन के लिए गई थी। सब बुजुर्गों को भोजन कराकर उनके रूम में शिफ्ट करने के बाद जब मैं वापस आई तो पता चला कि बच्चे ने दादी को डंडे से मारा है। मैंने उससे पूछा तो बोला- मैं बैठा हुआ था तो दादी ने मेरे सिर पर टब मार दिया तो मैंने दादी को डंडा मारा। मैंने बोला तू मुझे बता देता। मैं दादी से बोलती। तूने डंडा कैसे मारा?" उसे थाने भी लेकर गई। अब प्रशासन अपना काम कर रहा है। कुछ गलतियां हुई हैं।

No comments:
Post a Comment