नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। किला रोड स्थित एस.आर. इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को सत्र 2026-27 की नवगठित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण एवं पदस्थापन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. स्वतंत्र चौहान, प्रधानाचार्या श्वेता तोमर, शैक्षणिक प्रमुख एम.एस. मैथ्यू, मुख्य अतिथि सब इंस्पेक्टर विकास यादव, खेल प्रशिक्षक अरविन्द चौधरी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विकास यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रधानाचार्या श्वेता तोमर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाए गए। समारोह में कक्षा 11 के छात्र दक्ष नागर को हेड बॉय और छात्रा शीरीन को हेड गर्ल के पद पर चयनित किया गया। वहीं कक्षा 11 के ही छात्र अनस एवं छात्रा शिबरा को खेल कप्तान (स्पोर्ट्स कैप्टन) का दायित्व सौंपा गया। इसके अलावा हाउस कैप्टन, प्रीफेक्ट सहित अन्य पदों पर चयनित छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन बनाए रखने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा करने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि विकास यादव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पद के साथ जिम्मेदारी भी आती है, इसलिए अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएं। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक डॉ. स्वतंत्र चौहान ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधान बनना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसकी जिम्मेदारी निभाना महत्वपूर्ण है। कर्म ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 12 के छात्रों को धैर्य के साथ पढ़ाई करने और अपने कार्य को ईमानदारी से करने का संदेश दिया और कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। कार्यक्रम का संचालन छात्रा जूबी अली ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सह-संयोजिका अंजू शर्मा, गतिविधि प्रभारी पारुल त्यागी, खेल शिक्षिका आयुषी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

No comments:
Post a Comment