Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 29, 2026

बारिश बनी आफत - घरों-दुकानों में घुसा पानी, टूटी पुलिया दे रही हादसे को दावत


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आज हुई तेज बारिश के बाद नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। शहर के वार्ड नंबर 65, 49, 74, 68, 48 और 81 में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। कई घरों और दुकानों में नाले का गंदा पानी घुस गया, जिससे लोगों के घरेलू उपकरण और दुकानों का सामान खराब हो गया।

सबसे गंभीर मामला खैर नगर का है। अमीर रोड स्थित मौत की पुलिया, पीएल शर्मा अस्पताल के सामने, डॉ. एल.ए. खान के क्लीनिक के सामने वाली पुलिया को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि महापौर के भ्रमण के दौरान नाला साफ करने के लिए इस पुलिया को तोड़ा गया था। तब बैरिकेडिंग लगा दी गई थी, लेकिन आज तक पुलिया को बनाने का काम शुरू नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया और नाले का पानी एक समान हो जाने से यह दिखाई ही नहीं देती। यहाँ से गुजरने वाले स्कूटर, मोटरसाइकिल चालक, पैदल चलने वाले बच्चे, बुजुर्ग और स्कूली छात्र-छात्राएं कभी भी बड़े हादसे का शिकार हो सकते हैं। बराबर वाली गली में ही सीनियर बेसिक प्राइमरी कन्या पाठशाला स्थित है, जो बेसिक शिक्षा परिषद और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में संचालित है। इस स्कूल में भी नल और नाले का गंदा पानी भर गया है, जिससे मासूम बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।

आरोप यह भी है कि यह क्षेत्र अल्पसंख्यक बाहुल्य है और यहाँ छतरी वाला पीर भी स्थित है, इसलिए इसकी अनदेखी की जा रही है, जबकि इस मार्ग से नगर आयुक्त सहित नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नगर निगम कार्यालय के अंदर ही जलभराव हो रहा है और लोग गंदे पानी में खड़े होकर हाउस टैक्स जमा करने को मजबूर हैं, फिर भी स्वास्थ्य विभाग, सफाई नायक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक और नगर स्वास्थ्य अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण करना भी गवारा नहीं समझा।

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने नगर आयुक्त, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और संबंधित वार्डों के सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को ज्ञापन सौंपा है।

समाजवादी पार्टी के नेताओं अफजाल सैफी पूर्व पार्षद नेता, महमूद इकबाल कस्सार पूर्व पार्षद, संजय यादव उपाध्यक्ष महानगर, दानिश नजम अब्बासी, मुशीर खान प्रदेश सचिव व्यापार सभा, इकराम उर्फ बबली सैफी, हाजी आरिफ अंसारी पूर्व पार्षद प्रत्याशी वार्ड 65 ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द नाली-नालों की तली झाड़ सफाई मैनुअल तरीके से कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और टूटी पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया, तो समाजवादी पार्टी जलभराव के बीच खड़े होकर प्रदर्शन करेगी और जनता को न्याय दिलाने का काम करेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here