नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। परतापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (PIEMA) द्वारा वृक्षारोपण दिवस के अवसर पर अध्यक्ष श्री निपुण जैन के नेतृत्व में व्यापक पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छायादार, फलदार एवं पर्यावरण संरक्षण में सहायक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निपुण जैन ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन द्वारा बड़ी संख्या में पौधों का वितरण भी किया गया है, जिन्हें औद्योगिक क्षेत्र एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर लगाया जाएगा। उन्होंने सभी उद्योगपतियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
श्री जैन ने कहा कि एक वृक्ष केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का कार्य नहीं करता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखता है। उन्होंने कहा कि पीआईईएमए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजीव सिंघल, बलदेव सिंह, पवन गुप्ता सहित अनेक उद्योगपति एवं सदस्य उपस्थित रहे तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment