नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। महावीर विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” के अंतर्गत आज विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण हेतु जन-जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
वृक्षारोपण अभियान में विश्वविद्यालय के सभी संकायों के अधिष्ठातागण (डीन), विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर छायादार, फलदार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया।
अभियान के दौरान पूरे विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सामूहिक रूप से पौधरोपण किया गया। प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार किया।
महावीर विश्वविद्यालय निरंतर पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी नागरिकों से वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा हरित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
No comments:
Post a Comment