प्रमोद कुमार तेवतिया
नित्य संदेश, मेरठ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विजडम ग्लोबल स्कूल, पल्लवपुरम शाखा में शनिवार को भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी (अलंकरण समारोह) का आयोजन किया गया। समारोह में नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें विद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. तपश पाल
एवं रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. यशिका द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष
दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्र परिषद के सभी चयनित सदस्यों को
बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह में कुमारी पीहू शर्मा
को विद्यालय की हेड गर्ल तथा मास्टर युग मलिक को हेड बॉय घोषित किया गया। इसके
अतिरिक्त विभिन्न सदनों के कप्तान, उप-कप्तान, कक्षा प्रतिनिधि, खेल कप्तान एवं सांस्कृतिक कप्तानों ने अपने-अपने
ध्वज के साथ अनुशासित ढंग से शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम का यह दृश्य अत्यंत आकर्षक
एवं प्रेरणादायक रहा। समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों की भी उल्लेखनीय
उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. यशिका ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास एवं मानसिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन, ईमानदारी एवं सेवा भाव ही एक सफल नेतृत्व की पहचान है। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर अमर अहलावत ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी आज के नहीं, बल्कि देश के भविष्य के नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या स्वाति राणा ने सभी नव-निर्वाचित छात्र
पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गरिमा को बनाए रखते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व
का परिचय देने का आग्रह किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन
ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना का संचार किया तथा विद्यालय
परिसर उत्साह, अनुशासन और गौरवपूर्ण वातावरण
से ओत-प्रोत रहा।

No comments:
Post a Comment