Breaking

Your Ads Here

Thursday, July 23, 2026

ओवरटाइम में ओवररेट पर शराब बिक्री रोकने में पुलिस और आबकारी विभाग नाकाम


तरुण आहुजा 
नित्य संदेश, मेरठ। शहर में शराब ठेकों पर निर्धारित समय से पहले और रात 10 बजे के बाद हो रही कथित बिक्री पर अंकुश लगाने में क्षेत्रीय पुलिस और आबकारी विभाग नाकाम साबित हो रहे हैं। नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

हाल ही में सदर थाना क्षेत्र में शराबियों पर नियंत्रण न होने पर एक चौकी प्रभारी का तबादला भी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। थाना सदर और नौचंदी थाना क्षेत्र पहले भी ऐसे मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। पहले गढ़ अड्डा चौकी और अब बेगमपुल चौकी क्षेत्र में अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं।

शिकायत के बाद भी खानापूर्ति
शास्त्री नगर निवासी एक युवक की शिकायत पर आबकारी विभाग की टीम ने थापर नगर गुरुद्वारा रोड स्थित शराब ठेके पर निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि टीम करीब 10 मिनट तक मौके पर रही, फोटो खींचकर शिकायतकर्ता को भेजी और चली गई। टीम के जाते ही ठेके पर फिर से कथित तौर पर बिक्री शुरू हो गई। इससे कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इन ठेकों पर लगातार सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार -
• एल ब्लॉक स्थित शराब ठेका 
• थापर नगर गुरुद्वारा रोड स्थित ठेका 
• गढ़ अड्डे के सामने स्थित ठेका 
• सूरजकुंड पेट्रोल पंप के सामने स्थित ठेका 

इन सभी ठेकों पर सुबह निर्धारित समय से पहले और रात 10 बजे के बाद भी ओवररेट पर शराब बेचे जाने के आरोप लगते रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से कई ठेकों के बेहद करीब पुलिस चौकियां मौजूद हैं, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ओवरटाइम और ओवररेट पर हो रही शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई करे और नियमों का पालन सुनिश्चित कराए।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here